वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक राष्ट्रगीत गायन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक स्वर और एक लय में वंदे मातरम का गायन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष चंद्रदेव धीमान ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना, ध्वजारोहण और भारत माता के चित्र के समक्ष पुष्पार्चन से हुआ। मुख्य वक्ता विभाग संपर्क प्रमुख उदय पुंडीर ने कहा कि वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रभावना, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने मूल कर्तव्यों के प्रति सजग रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
अध्यक्ष दीपक जैन ने भारत माता के जयघोष के साथ राष्ट्रीय चेतना का संदेश दिया। अध्यक्ष चंद्रदेव धीमान ने कहा कि विद्या भारती की ओर से आयोजित कार्यक्रम राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का माध्यम हैं। प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इंस्पेक्टर संजय आर्य, प्रभात भार्गव, शंकर चौहान, मलूक चंद आदि मौजूद रहे।



