शामली

रूस में फंसे तीन छात्रों की सुरक्षित वापसी को रक्षा मंत्री से मिले परिजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। रूस में फंसे शामली और मुजफ्फरनगर के तीन छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए परिजनों के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा परिजनों को साथ लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मिले। परिजनों ने रक्षा मंत्री को अपने बच्चों की स्थिति और उनसे संपर्क नहीं हो पाने की जानकारी दी।

मुलाकात के दौरान सुरेश राणा और छात्रों के परिजनों ने तीनों छात्रों की सुरक्षित भारत वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। बताया गया कि रक्षा मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्रालय और रूस स्थित भारतीय दूतावास से बातचीत कर आवश्यक मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

थानाभवन क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी आशू कुमार के पिता राकेश, मुजफ्फरनगर के गांव बाढ़ निवासी हिमांशु के चाचा सोनू तथा गांव पीपलशाह निवासी शक्ति पुंडीर के पिता विपिन कुमार ने रक्षा मंत्री के समक्ष अपनी चिंता रखी। परिजनों के अनुसार तीनों छात्र रूस में लैंग्वेज कोर्स करने के लिए गए थे। 30 जुलाई को उनकी परिवार से अंतिम बार बातचीत हुई थी।

परिजनों का दावा है कि उस दौरान छात्रों ने रूसी सेना में जबरन भर्ती किए जाने और मोबाइल फोन जमा करा लिए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। रक्षा मंत्री की ओर से विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से बातचीत किए जाने के आश्वासन के बाद परिजनों को छात्रों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद जगी है।

परिजनों ने कहा कि उनकी मांग है कि सरकार रूस में फंसे उनके बच्चों का जल्द पता लगाकर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाए। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान संजय सैनी और मैनपाल सैनी भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button