कैराना

खनन पट्टे की आड़ में भूमि में रास्ता बनाने का आरोप

 मंडावर में हथियारबंद लोगों के डर से खेती नहीं कर पा रहा किसान

पीड़ित ने डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कैराना। मंडावर में खनन पट्टे की आड़ में किसान की कृषि भूमि पर जबरन कब्जे का दबाव बनाने का आरोप लगा है। किसान का आरोप है कि खनन पट्टे से जुड़े कुछ लोग हथियारों के साथ पहुंचकर उसकी जमीन पर रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध के चलते वह अपने खेत में फसल तक नहीं उगा पा रहा है। पीड़ित ने डीएम और एसपी से शिकायत कर कार्रवाई के साथ ही परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मंगलवार को गांव मंडावर निवासी किसान हारून ने डीएम और एसपी को शिकायती पत्र भेजा है। बताया है कि गांव में यमुना नदी के तल में उसकी कृषि भूमि खसरा संख्या 615 स्थित है। इसके पास ही यमुना नदी में पांच वर्ष के लिए सरकारी खनन पट्टा आवंटित किया गया है। किसान का आरोप है कि खनन पट्टे से जुड़े कुछ लोग हथियारों से ,लैस होकर उसकी जमीन पर पहुंचते हैं और जबरन रास्ता बनाने का प्रयास करते हैं। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता की जाती है तथा जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से दबाव बनाया जाता है। आरोप है कि पिछले वर्ष उसके और उसके भाइयों से झूठा एग्रीमेंट कराया गया था, लेकिन इसके बदले उन्हें रकम नहीं दी गई। इसके बाद उनके खिलाफ साजिश के तहत फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवा दिया गया था। अब फिर से उसकी भूमि में जबरन रास्ता बनाने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित का कहना है कि खनन पट्टे से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में उसे अपने और अपने परिवार के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका है। वह खेती भी नहीं कर पा रहा है। किसान ने डीएम और एसपी से मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने, उसकी भूमि में जबरन रास्ता बनाने पर रोक लगाने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button