बरेली
प्रो. जयंत खोत, प्रो. राजेंद्र प्रसाद और इंजीनियर प्रीति अरोरा को मिलेगा राम मूर्ति प्रतिभा अलंकरण
श्रीराम मूर्ति जी का 38वां स्मृति दिवस दो अक्टूबर को

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) जयंत खोत, मेडिकल एजूकेशन इरा यूनिवर्सिटी लखनऊ के डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) राजेंद्र प्रसाद और टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव एंड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीडर बेंगलुरु की इंजीनियर प्रीति अरोरा को इस वर्ष राम मूर्ति प्रतिभा अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी श्रीराम मूर्ति स्मारक (एसआरएमएस) ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति ने दी। उन्होंने बताया कि एसआरएमएस ट्रस्ट के प्रेरणास्रोत, स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद बाबूजी श्रीराम मूर्ति जी का निधन 38 वर्ष पहले 2 अक्टूबर 1988 को हुआ था। उनके आदर्शों को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए पिता देव मूर्ति जी ने 1990 में श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट की स्थापना की थी। स्मृति दिवस समारोह शुक्रवार, 2 अक्टूबर को श्रीराम मूर्ति कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस सीईटी) के शतिक प्रेक्षागृह में पूर्वाह्न 10.30 बजे आयोजित होगा। समारोह में वार्षिक अंतर्विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही एसआरएमएस ट्रस्ट के सभी शैक्षणिक संस्थानों के मेधावी विद्यार्थियों को 3.5 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित की जाएगी।



