बेतुल
बैतूल झल्लार थाना परिसर के जर्जर क्वार्टर भवन को डिस्मेंटल कर नया भवन बनाने की मांग
कलेक्टर व एसपी को सौंपा पत्र, शासन स्तर से स्वीकृति की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। चिचोलाढाना निवासी समाजसेवी निखिल विश्वकर्मा ने झल्लार थाना परिसर में स्थित जर्जर क्वार्टर भवन को डिस्मेंटल कर उसके स्थान पर नया भवन निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर एवं एसपी को पत्र सौंपा है।
पत्र में बताया गया है कि झल्लार थाना परिसर का वर्तमान भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। भवन की छत के खपरे क्षतिग्रस्त होने से बारिश के दौरान पानी अंदर रिसता है। वहीं दीवारों से सीमेंट निकल रहा है और कई स्थानों पर गहरी दरारें भी दिखाई दे रही हैं। ऐसी स्थिति में पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए जर्जर भवन को डिस्मेंटल कर नया भवन स्वीकृत कराने और शीघ्र निर्माण कराने की मांग की गई है।
निखिल विश्वकर्मा ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह करते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन, डीआईजी भोपाल और राज्यपाल को भी प्रेषित की है, ताकि शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृति मिल सके।



