
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । गांधी जयंती पर गुरुवार को कमिश्नरी और कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया।
कमिश्नरी में ध्वजारोहण – मंडलायुक्त शंभू कुमार ने कमिश्नरी प्रांगण में ध्वजारोहण के बाद शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर नमन किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि बड़े बदलाव के लिए अहिंसा और सत्याग्रह सबसे प्रभावी हथियार है। गांधी जी ने अहिंसा और सत्य के सिद्धांतों पर देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचारों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी और दुनिया में सामाजिक न्याय और शांति का संदेश फैलाया। गांधी जयंती केवल अवकाश नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा है। इसे अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज हमें अनाज दूसरे देशों से नहीं लेना पड़ रहा, यह शास्त्री जी की ही देन है। गांधी जी समस्या में होने पर गीता का अध्ययन करते थे। इस अवसर पर आयुक्त कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट में भजन और सम्मान – जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिलाधिकारी ने कहा कि नेशन फर्स्ट को ध्यान में रखकर कार्य करें। देश को कमजोर न होने दें, संस्कृति और सभ्यता को बनाए रखें। देश की एकता, अखंडता और संस्कृति की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। शास्त्री जी की ईमानदारी से प्रेरणा लेनी चाहिए। जब उन्हें प्रधानमंत्री आवास खाली करना पड़ा तो उनके पास दो कमरे का मकान भी नहीं था, सरकार ने किराए के मकान की व्यवस्था की।
इस अवसर पर द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने वैष्णव जन, रघुपति राघव, चदरिया झीनी रे झीनी और शास्त्री जी तुम्हें देश प्रणाम करता है भजन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने छात्राओं अंकिता जौहरी, सौम्या कसौधन, रागिनी यादव, मानवी, कामिनी मौर्य, जैन्शी, तनु, नव्या रस्तोगी, परिधि ओबरॉय, यशिका तथा शिक्षिका श्रुति प्रज्ञानन, चक्षुप्रिया और सहायक देवेंद्र प्रताप को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त संतोष कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिव्या ओझा, एडीएम नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



