बरेली
एमजेपी रुहेलखंड विवि के अंग्रेजी विभाग में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में नव-प्रवेशित छात्रों के स्वागत के लिए एमए द्वितीय वर्ष के छात्रों ने फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष प्रो. अनीता त्यागी सहित शिक्षकों ने दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया। विभागाध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालयी जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और प्रतिभा निखारने का अवसर है। डॉ. शिव सिंह ने छात्रों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सांस्कृतिक सत्र में छात्रों ने नृत्य, गीत, लघु नाटक और रैंप वॉक की प्रस्तुतियां दीं। इंडोर गेम्स ने कार्यक्रम में उत्साह बढ़ा दिया। निर्णायक मंडल ने नव-प्रवेशित छात्रों में से मिस्टर और मिस फ्रेशर का चयन किया, जिन्हें क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया। संचालन एमए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने किया।
इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग के शिक्षक डॉ. शिव सिंह, पवन कुमार यादव, अंशिका अग्रवाल, गुरप्रीत कौर और भाषा विभाग के डॉ. शैशव मोहन, डॉ. राका सक्सेना, डॉ. कृष्ण केतन, डॉ. राहुल पांडे तथा मंदारिन शिक्षिका चियाली चेन मौजूद रहीं।



