ललितपुर

गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सादा जीवन, उच्च विचार का संदेश

डीएम सत्य प्रकाश ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा

कहा- अंतिम पायदान के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना ही महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि
रामसेतु की गिलहरी की तरह हर नागरिक देश के विकास में अपनी क्षमता के अनुसार दे योगदान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धा, सम्मान और उल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने घंटाघर स्थित महात्मा गांधी एवं चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा, आजाद चौक स्थित वीर सावरकर की प्रतिमा तथा सदर कांटा स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल, अटल बिहारी वाजपेयी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने ध्वजारोहण किया। सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम का गायन हुआ। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संगोष्ठी में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, विचारों और योगदान को याद किया गया। संगोष्ठी में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के सादा जीवन, उच्च विचार के सिद्धांत पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जिस पद पर वे कार्यरत हैं, वहां से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें। इसके लिए कोई अलग कार्य करने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना ही पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में उतारकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। डीएम सत्य प्रकाश ने रामसेतु निर्माण से जुड़े प्रेरक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार रामसेतु निर्माण में एक छोटी सी गिलहरी ने अपनी क्षमता के अनुसार बालू डालकर योगदान दिया था और उसके छोटे से प्रयास को भी महत्वपूर्ण माना गया, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक को देश के विकास में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के छोटे-छोटे प्रयास मिलकर देश के लिए बड़े परिणाम ला सकते हैं। उन्होंने खाद्यान्न आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय भारत को अमेरिका से अनाज मंगाना पड़ता था, लेकिन आज देश कई देशों को अनाज निर्यात करने की स्थिति में है। यह उपलब्धि प्रत्येक भारतवासी के योगदान का परिणाम है। कार्यक्रम में जीजीआईसी की छात्राओं ने महात्मा गांधी की प्रिय रामधुन तथा देशभक्ति गीत आन-बान-सम्मान तिरंगा लहर-लहर लहराए प्रस्तुत किया। छात्राओं की प्रस्तुति से कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मिष्ठान वितरित किया। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार ने महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका प्रवास के अनुभवों तथा सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। एसडीएम जसीम ने दक्षिण अफ्रीका में ट्रेन में गांधी जी के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए उनके संघर्ष, गांधीवाद तथा सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह ने कहा कि गांधीजी के बारे में बोलना सूर्य को दीपक दिखाने के समान है। उन्होंने गांधी जी के ग्राम स्वराज्य, सत्ता के विकेंद्रीकरण, लघु एवं कुटीर उद्योगों के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सामाजिक न्याय संबंधी विचारों पर प्रकाश डाला। जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह ने सादा जीवन, उच्च विचार के संदेश को अपनाने का आह्वान करते हुए युवाओं एवं बुजुर्गों से नशामुक्ति की अपील की। उन्होंने नशामुक्त गांव और नशामुक्त जनपद बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई। अधिवक्ता एवं पूर्व कर्मचारी पर्वत सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए। संचालन ब्रजमोहन संज्ञा ने किया। गांधी जयंती के अवसर पर जिले में खेल, स्वच्छता, पर्यावरण एवं सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिन की शुरुआत स्टेडियम में पुरुषों के लिए 5 किलोमीटर तथा महिलाओं के लिए 3 किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता से हुई। इसके साथ ही मलिन बस्तियों तथा जनपद के गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यालय परिसरों में सफाई अभियान चलाने के साथ वृक्षारोपण भी किया। सामाजिक सेवा एवं प्रोत्साहन गतिविधियों के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं जिला कारागार, बाल गृह (बालक) दैलवारा, मदर टेरेसा आश्रम पनारी, राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) ललितपुर तथा जिला एवं महिला चिकित्सालय में फल वितरण कर सेवा कार्य किया गया। इस प्रकार गांधी एवं शास्त्री जयंती पर जिलेभर में राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को याद किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button