एमआईटी में मनाई गई गांधी जयंती, स्वच्छता अभियान से दिया स्वच्छता का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन उन्नत भारत अभियान के तहत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और अनुशासन के आदर्शों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. के.एल.ए. खान, प्राचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. संजय माथुर,चीफ प्रॉक्टर प्रेम किशोर गौतम और डीन मैनेजमेंट डॉ. अंकुर गोयल के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. संजय माथुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के राष्ट्र निर्माण में योगदान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और अनुशासन जैसे गांधीवादी विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।
चीफ प्रॉक्टर प्रेम किशोर गौतम ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गांधीजी के विचारों, संघर्षों और देश की आजादी में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुमित राणा के पर्यवेक्षण में हुआ। आदित्य गोयल, हॉस्टल केयरटेकर नागेंद्र, निर्जेश समेत 100 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।




