ललितपुर
सीरोनकलां में शराब के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश, ठेका बंद कराने की मांग
अवैध शराब बिक्री से गांव का माहौल बिगडऩे का आरोप

युवा पीढ़ी के भविष्य को लेकर जताई चिंता
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ग्राम पंचायत सिरोनकलां में देशी शराब के ठेके और कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। समस्त ग्रामवासियों की ओर से जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर गांव में संचालित देशी शराब के ठेके को बंद कराने तथा अवैध रूप से हो रही शराब की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत सिरोनकलां में देशी शराब का वैध ठेका संचालित होने के साथ ही गांव में कई स्थानों पर कथित रूप से अवैध तरीके से देशी शराब की बिक्री भी की जा रही है। इसके चलते गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है और आए दिन विवाद एवं लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो रही है। शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने कहा कि शराब की बढ़ती उपलब्धता का असर गांव के सामाजिक माहौल के साथ-साथ परिवारों पर भी पड़ रहा है। शराब सेवन के कारण कई परिवारों के प्रभावित होने की बात कहते हुए ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो गांव की युवा पीढ़ी भी नशे की गिरफ्त में आ सकती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में संचालित देशी शराब के ठेके की जांच कराने, कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गांव में शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि कार्रवाई होने से गांव में शांति एवं सुरक्षित वातावरण कायम करने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच कराई जाए और यदि अवैध शराब की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही वैध देशी शराब के ठेके को बंद कराने की मांग पर भी प्रशासन से तत्काल निर्णय लेने की अपील की गई है। पत्र देने के दौरान दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।



