लंदन का स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर 4.62 लाख रुपये ठगे
झिंझाना के दो भाइयों समेत तीन पर धोखाधड़ी का आरोप, पासपोर्ट भी ले गए
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। लंदन की यूनिवर्सिटी में मास्टर डिग्री में प्रवेश और स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर 4.62 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने झिंझाना क्षेत्र के दो भाइयों समेत तीन लोगों पर रुपये लेने, पासपोर्ट ले जाने और वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
हरिद्वार के पाडली गुज्जर निवासी जेनिस आलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात शामली के टिशंग निवासी नौशाद और शादाब तथा कैराना निवासी हयात से हुई थी। आरोप है कि तीनों विद्यार्थियों को स्टडी वीजा के लिए गाइड करते थे। उन्होंने जेनिस को लंदन की यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री कराने का झांसा दिया और इसके लिए 10 लाख रुपये खर्च बताया।आरोप है कि नौशाद और उसकी पत्नी माहिरा ने जेनिस से यूपीआई के माध्यम से 2.62 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद नौशाद, शादाब और हयात रुड़की पहुंचकर उसका पासपोर्ट और दो लाख रुपये नकद ले गए। तीन माह में वीजा दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन पांच माह बीतने के बाद भी न वीजा मिला और न पासपोर्ट व रुपये वापस किए गए। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने और झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए तहरीर देने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
