शामली
लाठी-डंडों से महिला के पति पर हमला, गंभीर हालत में रेफर
गाली देने से मना करने पर मारपीट का आरोप, बीच-बचाव कर लोगों ने बचाई जान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना । थाना क्षेत्र के गांव वेदखेड़ी में गाली देने से मना करने पर एक व्यक्ति के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई है। सीएचसी ऊन में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।तहरीर के अनुसार, सात अक्टूबर की शाम करीब आठ बजे महिला का पति हवासिट अपने घर के पास स्थित ट्यूबवेल पर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही कृष्ण डी. वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। हवासिट ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।मारपीट में हवासिह को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। परिजन घायल को उपचार के लिए सीएचसी ऊन लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



