शहरी सीएचसी पाकुड़ में मनाया गया राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य दिवस
National Mental Health Day observed at Urban CHC Pakur.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में शहरी सीएचसी पाकुड़ में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद के निर्देश पर सचिव रूपा बंदना किरो की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के अधिकारों एवं उनके लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक रोग से ग्रसित लोगों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं प्रभारी एमओ डॉ. केके सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य के साथ फाइलेरिया से बचाव, स्वच्छता और जलजमाव रोकने के प्रति लोगों को जागरूक किया। एलएडीसीएस के पदाधिकारियों ने मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के उपचार, निःशुल्क कानूनी सहायता, गोपनीयता, सुरक्षित वातावरण और समान अधिकारों के बारे में जानकारी दी। डॉ. शेखावत हुसैन ने मानसिक रोगों के लक्षण, उपचार, परामर्श तथा दिव्यांग प्रमाणपत्र के माध्यम से सरकारी योजनाओं से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने मानसिक रोग से ग्रसित लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की। मौके पर अबरारुल हक, मो. नुकुमुद्दीन शेख, संजीव कुमार मंडल, डॉ. सोनाली कुमारी, डॉ. राजेश कुमार शर्मा सहित स्वास्थ्यकर्मी, पैरा लीगल वॉलंटियर एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



