पटाखों के जखीरे के साथ एक गिरफ्तार
दीपावली पर्व पर बेचने के लिए हरियाणा से लाया था पटाखे, 480 पैकेट अनार पटाखे बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। दीपावली पर्व से पहले पुलिस ने अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने 480 पैकेट अनार पटाखों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा से बेचने के लिए पटाखे लाया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शुक्रवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव बधुपुरा के निकट सड़क किनारे एक व्यक्ति भारी मात्रा में पटाखे लेकर खड़ा हुआ है, जो कहीं जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया, जिसके कब्जे से अनार पटाखों के 480 पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अल्ताफ निवासी गांव गाजीपुर बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आगामी दीपावली पर्व पर बेचने के लिए हरियाणा से अज्ञात व्यक्ति के पास से पटाखे लेकर आया था। बरामद पटाखों की कीमत करीब ढ़ाई लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेते हुए आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।


