फुलवारी लीला में श्रीराम और माता सीता के प्रथम मिलन का मनोहारी मंचन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के मंदिर हनुमान टीला स्थित हनुमान धाम पर चल रहे 57वें रामलीला महोत्सव में शनिवार देर रात फुलवारी लीला का मनोहारी मंचन किया गया। फूलों और आकर्षक सजावट से सजी वाटिका दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों ने भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रथम मिलन के प्रसंग को जीवंत कर दिया। इस दौरान बांके बिहारी पालकी यात्रा में शानदार अभिनय प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया।
लीला के अनुसार, गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से श्रीराम और लक्ष्मण मिथिलापुरी की वाटिका में फूल लेने पहुंचते हैं। इसी दौरान माता सीता अपनी सखियों के साथ मां गौरी की पूजा करने आती हैं। सखियों से अयोध्या के राजकुमारों के बारे में जानने के बाद माता सीता की श्रीराम को देखने की इच्छा होती है। श्रीराम के दर्शन कर उनके मन में प्रेम और श्रद्धा का भाव जागृत होता है। वह मां गौरी से श्रीराम को जीवनसाथी के रूप में पाने की प्रार्थना करती हैं। मधुर भजनों और सुंदर अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर बांके बिहारी पालकी यात्रा सेवा ट्रस्ट के संरक्षक मनोज मित्तल, सभासद उत्तम नामदेव, शिवांक गर्ग और पीयूष वर्मा ने सराहनीय अभिनय करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। श्रीराम की भूमिका आकाश धीमान, लक्ष्मण की भूमिका उज्ज्वल नामदेव, माता सीता की भूमिका वंश राजपूत और गुरु विश्वामित्र की भूमिका विपिन शांडिल्य ने निभाई।
इस अवसर पर सलिल द्विवेदी, राजकुमार मित्तल, शरद द्विवेदी, मुकुल द्विवेदी, पुनीत द्विवेदी, पंडित दिनेश पाठक, आदेश शर्मा, दीपक सैनी और लाल सिंह लचक मौजूद रहे।