बेतुल
बैतूल हनुमानढाना टोल नाके पर अवैध वसूली की शिकायत, जांच की मांग
एसपी को आवेदन देकर टोल नाके की वैधता और वसूली प्रक्रिया की जांच कराने की मांग, नियम विरुद्ध मिलने पर हटाने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भैंसदेही क्षेत्र के हनुमानढाना स्थित टोल नाके पर कथित अवैध वसूली को लेकर वाहन चालकों और क्षेत्रवासियों की शिकायतें सामने आई हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर टोल नाके की वैधता, अनुमति और वसूली प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। आवेदन थाना प्रभारी भैंसदेही के माध्यम से सौंपा गया है।
आवेदन में कहा गया है कि टोल वसूली में पारदर्शिता का अभाव है और कुछ मामलों में निर्धारित नियमों के विपरीत राशि वसूलने की शिकायतें हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों, छोटे वाहन मालिकों, किसानों, व्यापारियों और नियमित आवागमन करने वाले लोगों को आर्थिक परेशानी हो रही है।
आवेदकों ने टोल नाके से संबंधित दस्तावेजों और वसूली व्यवस्था की जांच कराने, नियम विरुद्ध वसूली तत्काल रोकने तथा वाहन चालकों के साथ अभद्रता या दबावपूर्वक वसूली की शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि टोल नाका नियमों के विपरीत संचालित पाया जाता है, तो उसे हटाने या बंद कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाए। साथ ही जांच और कार्रवाई के परिणाम से आवेदकों को अवगत कराने की मांग की गई है।
– 4 दिन में वसूली नहीं रुकी तो आंदोलन की चेतावनी
जयस ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतम उइके ने चेतावनी दी है कि यदि चार दिनों में हनुमानढाना टोल नाके पर कथित अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो आरटीओ के सामने आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जयस के कार्यकारी अध्यक्ष सोनू पानसे, सलाहकार उमेश विश्वकर्मा, सावळमेंडा मंडल उपाध्यक्ष अनुराग उइके, रोहित इवने सहित अन्य जयस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



