ललितपुर
गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंग सदस्य की तीन लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप कुर्क
महेन्द्र सिंह ठाकुर की संपत्ति पर पुलिस की कार्रवाई, जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर की गई कुर्की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तालबेहट पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए गैंग के एक सदस्य की बोलेरो पिकअप कुर्क कर ली। कुर्क किए गए वाहन की अनुमानित वर्तमान कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की। थाना तालबेहट में दर्ज मुकदमा संख्या 335/2024, धारा 2(ख)(1)/3 गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले में यह कार्रवाई की गई है। उक्त मुकदमा ग्राम मैलवाराकलां व हाल आसरा कॉलोनी बुढ़वार रोड निवासी वीर विक्रम सिंह बुन्देला उर्फ मधु पुत्र स्व.जगदीश सिंह बुन्देला सहित पांच लोगों के विरुद्ध दर्ज है। इस मामले में गैंग के सदस्य मैलवाराकलां निवासी महेन्द्र सिंह ठाकुर पुत्र शिवराज सिंह की बोलेरो पिकअप को कुर्क किया गया है। वाहन का पंजीकरण नंबर यूपी 94 टी 6283 है। संबंधित वाहन को समाजविरोधी गतिविधियों से अर्जित अवैध संपत्ति में शामिल मानते हुए कुर्की की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी न्यायालय में वाद संख्या 578/2026 में 28 अप्रैल 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में वाहन कुर्क किया गया। कार्रवाई शासन और पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अपराधियों तथा भूमाफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। महेन्द्र सिंह ठाकुर के आपराधिक इतिहास में तीन मुकदमों का उल्लेख किया गया है। यह कार्रवाई एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन तथा एएसपी कालू सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कुर्की की कार्रवाई करने वाली टीम में थाना तालबेहट प्रभारी निरीक्षक रमेश चन्द्र मिश्रा पुलिस बल के साथ शामिल रहे।



