बरेली
मंडलीय विद्यालयी एथलेटिक्स में बदायूं बना ओवरऑल चैंपियन, बरेली दूसरे स्थान पर

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। दो दिवसीय मंडलीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। 401 अंक हासिल कर बदायूं ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि 387 अंकों के साथ बरेली दूसरे स्थान पर रहा।
अंडर-14 बालिका, अंडर-17 बालक और अंडर-19 बालक वर्ग में बरेली चैंपियन बना, तो अंडर-14 बालक, अंडर-17 बालिका और अंडर-19 बालिका वर्ग में बदायूं ने बाजी मारी।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव, विशिष्ट अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक रामाज्ञा कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और व्यक्तिगत चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि पटेल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और खेल आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवनीश यादव ने किया। प्रतियोगिताओं का संचालन नईम अहमद, शाहिद रजा और विकास गंगवार ने किया। इस दौरान जीआईसी प्रधानाचार्य ओम प्रकाश राय, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जसवंत सिंह, अर्चना राजपूत, अरविंदर कौर सहित कई प्रधानाचार्य मौजूद रहे।



