75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पेंशन और राशन से वंचित, दो माह से नहीं मिला अनाज
75-year-old woman deprived of pension and rations; has not received food grains for two months.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के दावों के बीच पाकुड़ सदर प्रखंड के टंकाटोला गांव की 75 वर्षीय सोनामुनी कर्मकार पेंशन और राशन के लिए परेशान हैं। कोलाजोड़ा पंचायत निवासी बुजुर्ग महिला को अब तक मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं, फिंगरप्रिंट नहीं आने के कारण पिछले दो माह से राशन भी नहीं मिला है। पति की मृत्यु और बेटों के अलग रहने के कारण बुजुर्ग महिला के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वह कई सप्ताह से प्रखंड आपूर्ति कार्यालय का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि फिंगरप्रिंट नहीं आने पर राशन डीलर के फिंगरप्रिंट के माध्यम से अनाज वितरण का प्रावधान है। ऐसे में सवाल उठता है कि वैकल्पिक व्यवस्था होने के बावजूद महिला को दो माह से राशन क्यों नहीं मिल रहा है। बुजुर्ग महिला ने प्रशासन से पेंशन स्वीकृत कराने और नियमित राशन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।



