ललितपुर
मड़ावरा में पुलिस मुठभेड़
पचास हजार का इनामी शातिर चोर सरताज अली घायल, साथी सिकन्दर समेत गिरफ्तार

रोहिणी बांध के पास हुई कार्रवाई, तीन साल पहले सुनार की दुकान में चोरी का आरोपी
नई वारदात की फिराक में छिपे होने का पुलिस का दावा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मड़ावरा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में वर्ष 2023 से वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय आरोपी सरताज अली उर्फ तरु को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान सरताज के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, उसके साथी सिकन्दर अली को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस और 2310 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सरताज अली उर्फ तरु थाना मड़ावरा में दर्ज मु.अ.सं. 104/2023, धारा 379 भादवि (चोरी) के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह मुकदमा 17 अगस्त 2023 को वादी की तहरीर के आधार पर दर्ज किया गया था। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में एएसपी कालू सिंह तथा क्षेत्राधिकारी मड़ावरा आलोक कुमार अग्रहरि के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी मड़ावरा के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने रोहिणी बांध के पास, कस्बा मड़ावरा के निकट कार्रवाई करते हुए सरताज अली उर्फ तरु को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उसके साथी सिकन्दर अली को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल सरताज को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान सरताज अली उर्फ तरु ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसने मड़ावरा कस्बे में एक सुनार की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद उसे लगा कि मामला शांत हो गया है। आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने साथी सिकन्दर अली के साथ चोरी की एक नई वारदात करने के उद्देश्य से मड़ावरा में छिपा हुआ था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, वह अलग-अलग जिलों और प्रदेशों में घूमकर चोरी की योजना बनाता था तथा चोरी और धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देता था। जरूरत पडऩे पर वह अपने साथियों को भी शामिल करता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने नोएडा, सीतापुर, रामपुर, बांदा, भोपाल और छतरपुर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस द्वारा जारी बरामदगी विवरण के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सरताज अली उर्फ तरु के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस 315 बोर तथा 1110 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, दूसरे अभियुक्त सिकन्दर अली के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा 315 बोर का एक मिस कारतूस बरामद हुआ, जो तमंचे की नाल में फंसा हुआ था। उसके पास से 1200 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल दो देशी तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस और 2310 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार छत्तीसगढ़ जिला बिलासपुर थाना सकरी ग्राम पण्डा निवासी सरताज अली उर्फ तरु पुत्र फिदा हुसैन है। वर्तमान में म.प्र.भोपाल के थाना निशातपुरा के अमन कॉलोनी, ईरानी डेरा, सिया मस्जिद के पीछे बताया गया है। दूसरे आरोपी सिकन्दर अली पुत्र समीर खान जो कि जिला बदर बताया गया है कर्नाटक के थाना गांधीगंज अंतर्गत हुसैनी कालोनी के चिदरी रोड निवासी का निवासी है। सरताज अली उर्फ तरु का आपराधिक इतिहास भी जारी किया गया है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। सरताज के विरुद्ध विभिन्न जनपदों और राज्यों में चोरी की घटनाओं से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर थाना मड़ावरा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। दोनों अभियुक्तों को 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि बरामद असलहों और कारतूसों के संबंध में भी सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी का चिकित्सालय में उपचार कराया जा रहा है।



