शिवलोक सोसाइटी में जलभराव और गंदगी से लोग परेशान
मनीष ठाकुर ने नगर पालिका अधिकारियों के सामने जताया रोष

नगर पालिका चीफ अधिकारी संजीव अवाना, सफाई इंस्पेक्टर राजकुमार और सफाई ठेकेदार को समस्याओं से कराया अवगत, जल्द समाधान का मिला आश्वासन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : नगर पालिका परिषद लोनी के अंतर्गत अंकुर विहार स्थित शिवलोक सोसाइटी में जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। क्षेत्र की बदहाल सफाई व्यवस्था और जलनिकासी की समस्या को लेकर आज मनीष ठाकुर ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं सफाई ठेकेदार के समक्ष नाराजगी जाहिर करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
इस दौरान मनीष ठाकुर ने नगर पालिका चीफ अधिकारी संजीव अवाना, सफाई इंस्पेक्टर राजकुमार और सफाई ठेकेदार को शिवलोक सोसाइटी की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपने शब्दों में रोष व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में जलभराव और गंदगी के कारण स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में दिक्कतें हो रही हैं।
मनीष ठाकुर ने अधिकारियों से कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के नागरिक नियमित रूप से टैक्स और अन्य शुल्कों का भुगतान करते हैं, ऐसे में उन्हें स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं मिलना भी जरूरी है। केवल आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि धरातल पर सफाई व्यवस्था में सुधार दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि शिवलोक सोसाइटी में जमा गंदे पानी की निकासी कराई जाए, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, जिससे स्थानीय निवासियों को गंदगी और जलभराव से राहत मिल सके।
वहीं, नगर पालिका चीफ अधिकारी संजीव अवाना, सफाई इंस्पेक्टर राजकुमार और सफाई ठेकेदार ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। अब स्थानीय निवासियों को इंतजार है कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन पर कितनी जल्दी अमल होता है और शिवलोक सोसाइटी को जलभराव एवं गंदगी की समस्या से राहत मिलती है।

