मथुरा

गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

तीन प्रमुख घाटों पर पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन पूजा, भैया दूज और यम द्वितीया पर्व को लेकर मथुरा पुलिस ने यमुना घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के यमुना में स्नान करने पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में महावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले यमुना घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम स्नान व्यवस्था के लिए क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है। इसके साथ ही घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की गई है, जिससे स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।उन्होंने बताया कि महावन क्षेत्र के तीन प्रमुख घाट पुराने घाट, ब्रह्मांड घाट और चिंताहरण घाट पर विशेष रूप से सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। तीनों घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ पुलिसकर्मियों की सेक्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही व्यवस्था सुचारु रखी जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए फ्लड पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में इन टीमों की मदद से तत्काल बचाव अभियान चलाया जाएगा।क्षेत्राधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यमुना में स्नान के लिए केवल पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित और सुरक्षित घाटों का ही इस्तेमाल करें। बिना चिह्नित स्थानों पर स्नान करने से बचें। उन्होंने बताया कि यमुना के कई स्थानों पर गहरे कटान और खतरनाक स्थिति है, जहां स्नान करना हादसे का कारण बन सकता है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्वों पर आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकें और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button