बालाघाट
बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव दिवस
15 नवंबर को बैहर में होगा जिलास्तरीय आयोजन

14 से 22 नवंबर तक नौ दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित, जनजातीय महापुरुषों के योगदान और सरकारी योजनाओं पर होंगे आयोजन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 14 नवंबर से जनजातीय गौरव दिवस के तहत नौ दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की शुरुआत महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। वहीं, 15 नवंबर को बैहर में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाजपा जिला कार्यालय बालाघाट में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2021 से पार्टी प्रतिवर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रही है। इस वर्ष भी जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के संघर्ष और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान से होगी। शाम को प्रतिमा स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। आदिवासी नेत्री अनुपमा नेताम ने बताया कि 15 नवंबर को बैहर में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा।
इसी क्रम में 16 और 17 नवंबर को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जनजातीय छात्रावासों में पहुंचकर विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। वहीं, 18 से 20 नवंबर तक विभिन्न स्थानों पर चौपाल आयोजित कर भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और सामाजिक योगदान की जानकारी दी जाएगी। इन चौपालों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनजातीय हितैषी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के प्रतीक हैं बिरसा मुंडा
भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों की आवाज बुलंद की थी। वे स्वतंत्रता संग्राम के महानायक होने के साथ सामाजिक जागरूकता और जनजातीय स्वाभिमान के प्रतीक भी हैं। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के माध्यम से उनके विचारों और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में सुरेन्द्र गुड्डा मरकाम, प्रवीण मेश्राम तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष डिल्लन ताराम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



