कैराना

लव जिहाद के खिलाफ ऊंचागांव में महापंचायत

 अपहृत किशोरी की बरामदगी के बाद भी नहीं थमा आक्रोश

मंदिर परिसर में जुटे हिंदू समाज के लोग, आंदोलन की दी चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कैराना। ऊंचागांव से अपहृत किशोरी की बरामदगी के बाद भी लोगों में आक्रोश कम नहीं हुआ है। गांव में लव जिहाद और धर्मांतरण के खिलाफ हिंदू समाज के लोगों ने महापंचायत की। उन्होंने बहन—बेटियों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए लव जिहाद और धर्मांतरण में लिप्त आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। चेताया कि यदि इस तरह की घटनाएं नहीं रुकी तो साधु-संतों और सनातनी समाज को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
रविवार को ऊंचागांव स्थित मंदिर परिसर में लव जिहाद और धर्मांतरण के खिलाफ महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों के साथ ही दूर—दराज से भी हिंदू समाज के लोग पहुंचे। गांव के डॉ. योगी गौतमनाथ ने कहा कि ऊंचागांव की बेटी पूरे हिंदू समाज की बेटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिहादी सोच रखने वाले लोगों ने हाल ही में गांव से किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसका धर्मांतरण कर निकाह कर लिया। उन्होंने कैराना क्षेत्र में दो माह के भीतर छह बेटियों को भगाकर ले जाने का दावा किया। कहा कि पहले पांच बेटियों को बरामद कराया गया था और अब छठी बेटी भी बरामद हो गई है। डॉ. योगी गौतमनाथ ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान छिपाकर हिंदू नामों से युवतियों से संपर्क किया जाता है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सऐप के जरिए उन्हें बहलाया-फुसलाया जाता है और फिर उनके बालिग होने का इंतजार किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो साधु-संत और सनातनी समाज सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। उन्होंने चेताया कि यदि उन लोगों ने सोच नहीं बदली तो साधु—संत तथा सनातनी रोड पर आएगा और सही से इलाज कर देगा। गंगोह क्षेत्र से पहुंचे रोहित प्रधान ने कहा कि जब हुंकार भरी जाती है तो हाथ पसारकर कोई चीज नहीं ली जाती। आज मामला बहन-बेटियों और धर्म से जुड़ा है। समाज को अपनी बहन चाहिए। धर्मगुरु जैसा निर्देश देंगे, उसी के अनुसार आगे कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो कैराना की ओर भी हुंकार भरी जाएगी और समाज अपनी ताकत दिखाएगा। महापंचायत से पूर्व गांव में सड़क जाम करने का प्रयास भी किया गया। हालांकि, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं, महापंचायत के दौरान सीओ हेमंत कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
यह है मामला
क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी एक ग्रामीण ने हरियाणा के यमुनानगर निवासी आसिफ, उसके पिता तैयब अली, मां शबीना, भाई अनस और जाकिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि इंस्टाग्राम पर बातचीत के बाद आसिफ अपने परिजनों के साथ पड़ोस में रहने वाली निराश्रित महिला की 16 वर्षीय बेटी को अपने साथ ले गया। किशोरी पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना को लेकर रविवार को महापंचायत का ऐलान किया गया था, इससे पहले ही पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया।
इन्होंने कहा…
किशोरी को हरियाणा के यमुनानगर से बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
— सतीश कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैराना।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button