
नशे के शुरुआती लक्षणों से लेकर बचाव और उपचार तक की मिलेगी जानकारी, हेल्पलाइन नंबर 14446 का भी होगा प्रचार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और आमजन को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए भारत सरकार की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत तीन लघु फिल्में तैयार कराई गई हैं। प्रत्येक फिल्म 60 सेकंड की है। जिलाधिकारी ने इन फिल्मों का जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला सूचना कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन फिल्मों के माध्यम से लोगों को नशे की शुरुआती पहचान और उससे बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। पहली फिल्म में मादक पदार्थों के सेवन के शुरुआती लक्षणों, व्यवहार में आने वाले बदलावों और साथियों के दबाव के प्रभाव को समझाया गया है। दूसरी फिल्म में राष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी दी गई है, ताकि जरूरतमंद लोग समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें।
वहीं, तीसरी फिल्म में बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए माता-पिता एवं शिक्षकों की भूमिका को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसमें नशे की शीघ्र पहचान, रोकथाम और उपचार के महत्व को बताया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन जागरूकता फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, जिससे समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को गति मिल सके।

