बीएलओ को पात्र और युवा मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने के निर्देश
447 मतदान केंद्रों के 1125 बूथों पर चला अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलेभर में विशेष कैम्प दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र थानाभवन और कैराना के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय टपराना (ऊन) में बूथ संख्या 85 से 88 तक तथा राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज झिंझाना में बूथ संख्या 65 से 76 तक का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए पात्र मतदाताओं और नए युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान दिवसों के अलावा अन्य दिनों में भी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बाद ही पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
जिले के सभी 447 मतदान केंद्रों के 1125 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया गया। विशेष कैम्प दिवस पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान का जायजा लिया।
प्रशासन के अनुसार आगामी विशेष अभियान दिवस 28 और 29 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे। दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन कराने अथवा अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए ऑनलाइन पोर्टल **https://voters.eci.gov.in** पर भी आवेदन किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ऊन दीपिका मेहेर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


