
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : रिठौरा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष सजावट की गई और श्रद्धालुओं ने हजारों दीप प्रज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
देव दीपावली पर कस्बे के ठाकुरद्वारा मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, संतोषी माता मंदिर, इस्कॉन मंदिर, शिवनारायण मंदिर, खाटूश्यामजी मंदिर, सूरज का मंदिर और झलरापीपल मंदिर को फूलों व रंग-बिरंगी झालरों से भव्य रूप से सजाया गया। शाम ढलते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लग गया। भक्तों ने मंदिर परिसरों में मिट्टी के दीये जलाकर दीपदान किया, जिससे समूचा वातावरण आस्था और रोशनी से सराबोर हो उठा। मंदिरों में भजन-कीर्तन व महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कस्बे के अलावा भटपुरा जागीर, भंडसर, बंजरिया, खाईखेड़ा, मुंडिया अहमदनगर, चावड़, कुम्हरा, सिंघाई, नवदिया, चित्तुपुरा और नौगवां जागीर आदि गांवों में भी देव दीपावली का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। ग्रामीणों ने अपने घरों और स्थानीय देवालयों में दीप जलाकर एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।



