अंतरराष्ट्रीय

यूक्रेन में बिजली संकट: रूस ने पावर प्लांट पर किया हमला

लीबिया में दो नौसैनिक अधिकारियों की मौत

कीव/ काहिरा। रूस के हमले में यूक्रेन के डीटीईके थर्मल पावर प्लांट को नुकसान पहुंचा है और बिजली उत्पादन बंद हो गया है। निप्रोपेत्रोवस्क क्षेत्र के पांच जिलों में आपातकालीन बिजली कटौती लागू की गई है। दूसरी ओर, लीबिया में रूसी युद्धपोत पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में घायल दो नौसैनिक अधिकारियों की मौत हो गई है। इस घटनाक्रम ने रूस-यूक्रेन युद्ध को एक नए भौगोलिक क्षेत्र तक पहुंचा दिया है।
रूस ने बुधवार को यूक्रेन की डोनबास फ्यूल एंड एनर्जी कंपनी (डीटीईके) के एक थर्मल पावर प्लांट को निशाना बनाया। हमले में प्लांट के उपकरण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद करना पड़ा। यूक्रेनी नेशनल न्यूज ने डीटीईके के हवाले से इसकी जानकारी दी। नवंबर में कंपनी के बिजली संयंत्रों पर यह तीसरा बड़ा हमला है। रूस के लगातार हमलों से यूक्रेन की ऊर्जा व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
किन इलाकों में बिजली गुल?-रूस ने मंगलवार और मंगलवार रात निप्रोपेत्रोवस्क क्षेत्र की ऊर्जा सुविधाओं को भी निशाना बनाया। इन हमलों से कई घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत पारेषण प्रणाली संचालक उक्रेनेर्गो के निर्देश पर पांच जिलों में आपातकालीन बिजली कटौती लागू की गई है। निप्रो, निप्रोव्स्की, पावलोहरादस्की, सिनेल्निकीव्स्की और समारीव्स्की जिलों में बिजली कटौती की गई है। इन इलाकों में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऊर्जा विभाग के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं, लेकिन रूस के लगातार हवाई हमलों की चेतावनी के कारण मरम्मत का काम प्रभावित हो रहा है।
जापोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कितनी बार हुआ ब्लैकआउट?-रूस ने रातभर और बुधवार सुबह भी यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले जारी रखे। गोलाबारी के कारण अस्थायी रूप से कब्जे वाले जापोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। यह इस साल संयंत्र में हुआ 17वां ब्लैकआउट है। वहीं, अब तक यहां कुल 28 बार बिजली आपूर्ति बाधित हो चुकी है।
लीबिया में रूसी युद्धपोत पर यूक्रेन का हमला-रूस-यूक्रेन युद्ध का असर अब यूरोप से हजारों किलोमीटर दूर लीबिया तक पहुंच गया है। रविवार को पूर्वी लीबिया के बेंगाजी नौसैनिक अड्डे पर खड़े रूसी युद्धपोत पर यूक्रेनी ड्रोन से हमला किया गया। इसमें घायल दो लीबियाई नौसैनिक अधिकारियों की मंगलवार शाम मौत हो गई। स्वघोषित लीबियन नेशनल आर्मी (एलएनए) ने मंगलवार देर रात जारी बयान में इसकी पुष्टि की।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया था कि इस अभियान में सात ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। लीबियाई अधिकारियों के अनुसार, रूसी युद्धपोत ईंधन भरवाने और जरूरी सामान लेने के लिए नौसैनिक अड्डे पर आया था। शुरूआती जांच के मुताबिक, पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी सेना के नियंत्रण वाले एक अड्डे से कई समुद्री ड्रोन छोड़े गए थे। इनमें से कम से कम चार को रोककर नष्ट कर दिया गया, जबकि दो ड्रोन रूसी युद्धपोत से टकराए। हमले में लीबियाई और रूसी नागरिकों समेत कम से कम 10 लोग घायल हुए थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button