ललितपुर

प्राचीन इंद्र अखाड़ा मंदिर से भगवान का मुकुट चोरी, कस्बे में मचा हड़कंप

बिजली की डोरी काटकर वारदात को दिया अंजाम

खोजी कुत्ते और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
ग्रामीणों ने पुलिस से की खुलासे की मांग
ललितपुर। जाखलौन कस्बे के प्राचीन इंद्र अखाड़ा मंदिर में अज्ञात चोरों ने भगवान का मुकुट चोरी कर लिया। चोरों ने मंदिर की बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए लाइट की डोरी काट दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह मंदिर का ताला खुला मिलने और चोरी की जानकारी सामने आने पर श्रद्धालुओं में आक्रोश और रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच गए और पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की। कस्बे का इंद्र अखाड़ा मंदिर काफी प्राचीन है। मंदिर परिसर में भगवान बजरंगबली सहित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर भी स्थित हैं। स्थानीय लोगों की इस मंदिर में गहरी आस्था है। मंदिर में पुजारी के रूप में पं.अखिलेश चौबे पूजा-अर्चना करते हैं। बताया गया कि 24 नवंबर की शाम पुजारी ने रोजाना की तरह संध्या आरती करने के बाद मंदिर का ताला बंद किया और अपने घर चले गए। बुधवार सुबह प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालु जब मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का ताला खुला देखा। इसकी सूचना तत्काल पुजारी को दी गई। पुजारी के मंदिर पहुंचने पर जांच की गई तो पता चला कि अज्ञात चोरों ने लाइट की डोरी काटकर बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी और भगवान का मुकुट चोरी कर लिया था। पुजारी ने चोरी हुए मुकुट की अनुमानित कीमत 10 से 15 हजार रुपये के बीच बताई। उन्होंने बताया कि मुकुट के अलावा मंदिर का अन्य सामान सुरक्षित है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से भी चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस सफलता नहीं मिली। इसके बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया, जिनके द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई। मंदिर में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों ने कस्बे में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर भी चिंता जताई। स्थानीय लोगों ने अवैध जुआ, सट्टा और कच्ची शराब की बिक्री को ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार बताते हुए पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। शिशुपाल यादव ने आरोप लगाया कि कस्बे में कई स्थानों पर जुए के फड़ संचालित हो रहे हैं और अवैध शराब की बिक्री भी हो रही है। उनका कहना है कि इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से आपराधिक घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनके एक किरायेदार की दुकान से लाखों रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इसके अलावा कस्बे में नाबालिग युवकों के एक कथित समूह, जिसे स्थानीय स्तर पर ककरा गैंग कहा जाता है, की भी चर्चा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह समूह कई घटनाओं में शामिल रहा है और कुछ स्थानीय लोगों का इसे संरक्षण प्राप्त है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। दिनभर लोग मंदिर पहुंचकर घटना पर दुख जताते रहे। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर भगवान का मुकुट बरामद करने और कस्बे में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button