लोनी सीएचसी में मारपीट पर उठे गंभीर सवाल, मामले की जांच जरूरी
महिला पर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों से अभद्रता व मारपीट का आरोप, घटना के समय पुलिस को सूचना न देने पर भी सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लोनी की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित मारपीट एवं अभद्रता का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत कर्ता ने इस संबंध में थाना लोनी में अपना शिकायती पत्र देकर एक महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि, इस पूरे मामले में केवल मारपीट के आरोप ही नहीं, बल्कि घटना की परिस्थितियों और अस्पताल प्रशासन की भूमिका को लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायती पत्र के अनुसार, सीएचसी के इमरजेंसी रूम नंबर-8 में ऑन-ड्यूटी एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. अंकित वैष्णव अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि चिकित्सक को बचाने के लिए पहुंचे सहयोगी कर्मचारियों और वार्ड बॉय के साथ भी महिला ने मारपीट एवं गाली-गलौज की। शिकायत में महिला पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
लेकिन आखिर विवाद यहां तक कैसे पहुंचा?
इस घटना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि आखिर चिकित्सक और महिला मरीज के बीच ऐसी कौन-सी परिस्थिति बनी कि मामला कथित तौर पर थप्पड़ मारने तक पहुंच गया? क्या महिला किसी उपचार, चिकित्सकीय परामर्श या अन्य समस्या को लेकर नाराज थी अथवा विवाद की कोई दूसरी वजह थी? इन सवालों का जवाब सामने आना जरूरी है।
इसके अलावा, यदि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ उसी समय मारपीट और अभद्रता हुई थी तो तत्काल पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई? महिला के स्वास्थ्य केंद्र से चले जाने के बाद ही पुलिस से शिकायत करने की पहल क्यों हुई? क्या घटना के समय अस्पताल में मौजूद अन्य कर्मचारियों या मरीजों ने भी विवाद देखा था? इन बिंदुओं की जांच पड़ताल भी निष्पक्ष जांच का हिस्सा होनी चाहिए।
सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी व्यक्ति को उनके साथ मारपीट या अभद्रता करने का अधिकार नहीं है। वहीं, मरीजों और उनके परिजनों की शिकायतों को सुनना तथा उपचार के दौरान उत्पन्न विवाद की वास्तविक वजह जानना भी स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है।
शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी से मामले में उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान, अस्पताल में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर क्या निष्कर्ष निकालती है।
फिलहाल महिला का पक्ष और घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। ऐसे में एकतरफा आरोपों के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।


