ललितपुर

गुरु नानक जयंती कार्यक्रम में हंगामा व पदाधिकारियों से अभद्रता का आरोप

श्रीगुरुसिंह सभा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

अवैध चंदा संग्रह की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के गुरुद्वारा रोड, लक्ष्मीपुरा स्थित श्रीगुरु सिंह सभा (प्रबंधक-गुरुद्वारा रोड लक्ष्मीपुरा एवं गुरुद्वारा आजादपुरा) के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती ज्ञापन सौंपकर गुरु नानक जयंती के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने, महिलाओं से अभद्रता करने और संस्था के नाम पर कथित अवैध चंदा वसूली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। श्रीगुरुसिंह सभा के अध्यक्ष ओमकार सिंह सलूजा ने कोतवाली पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सभा एक पंजीकृत संस्था  है, जिसके प्रबंधन में समस्त धार्मिक आयोजन होते हैं। आरोप है कि बीते 2-3 वर्षों से समाज के कुछ व्यक्तियों द्वारा खालसा सेवक जत्था नाम से एक अलग समिति बनाकर समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। इसी दौरान सतवंत सिंह भोगल के नेतृत्व में मंजीत सिंह परमार, मेजर सिंह परमार, मनमीत सिंह सलूजा, लवप्रीत सिंह अरोरा, जितेन्द्र सिंह सलूजा सहित कई अज्ञात व्यक्तियों ने कार्यक्रम में पहुंचकर उन्मादपूर्ण व अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त लोगों ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और श्रद्धालुओं के साथ गाली-गलौज की तथा मंच पर चढ़कर अध्यक्ष ओमकार सिंह सलूजा और उपाध्यक्ष से बदसलूकी करते हुए माइक छीन लिया। कोतवाली में दी गई तहरीर में अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य द्वार पर उनके तथा जगजीत सिंह रिंकू और माता मंजीत कौर पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। यह पूरी घटना गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पांच मांगों को लेकर निस्तारण की मांग उठायी गयी है। ज्ञापन सौंपते समय अध्यक्ष ओमकार सिंह सलूजा के साथ जगजीत सिंह, हरविन्दर सिंह सलूजा, सतनाम सिंह भाटिया सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button