शामली
भोजन को लेकर भाइयों में विवाद, धक्का लगने से बड़े भाई की मौत
मूक-बधिर छोटा भाई पुलिस हिरासत में, चौसाना में हुई घटना
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव चौसाना में भोजन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई की मौत हो गई। कहासुनी के दौरान छोटे भाई ने उसे धक्का दे दिया था, जिससे उसका सिर दीवार में लगी नुकीली कीलों से टकरा गया। घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव के कश्यप मोहल्ले में ऋषिपाल के पुत्र सन्नी उर्फ गोलू और पंकज के बीच गुरुवार देर शाम भोजन को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान पंकज ने सन्नी को धक्का दे दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से सन्नी जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी सुमित शुक्ला और थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। मृतक के भाई रवि की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी पंकज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।