शामली
अंकित बलियान हत्याकांड में 17 आरोपी प्रकाश में आए
दो मुख्य शूटर मुठभेड़ में ढेर, फरार सत्यम और आर्यन पर एक-एक लाख का इनाम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। गायक अंकित बलियान हत्याकांड में पुलिस अब तक 17 आरोपियों के नाम प्रकाश में आने की जानकारी दे चुकी है। इनमें अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हत्याकांड के दो मुख्य शूटर सुमित और मोहित 31 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं, जबकि फरार शूटर सत्यम कादियान और आर्यन संधू पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हत्याकांड के पांच आरोपी तिहाड़ जेल और एक आरोपी करनाल जेल में बंद हैं। इन आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में पैरवी की जा रही है।
वहीं, कनाडा में रह रहे दो आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर प्रत्यर्पण के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।