नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में खेत पर समरसेबल बोरिंग करते समय एक किसान का हाथ मशीन में फंस गया। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव नाला निवासी इंद्रपाल पुत्र समय सिंह शुक्रवार को अपने खेत में समरसेबल का बोरिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी कांधला में भर्ती कराया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजत सिंह ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया है।