शामली

 शादी समारोह में खाना खाने के बाद घराती-बारातियों की बिगड़ी तबीयत

उल्टी-दस्त की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम पहुंची, पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। क्षेत्र के गांव शामली शामला में शादी समारोह के दौरान भोजन करने के बाद घराती और बारातियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। शिकायत मिलने पर खाद्य विभाग की तीन सदस्यीय टीम गांव पहुंची और खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को गांव निवासी इकबाल पुत्र सीताराम की बेटी की शादी थी। समारोह में झिंझाना क्षेत्र के गांव बानीपुर से बारात आई थी। आरोप है कि भोजन करने के कुछ समय बाद ही कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को उल्टी तो किसी को बार-बार शौच जाने की शिकायत हुई। इससे शादी समारोह में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार डॉ. संजीव, मास्टर अजीत कुमार, विपिन, गौतम, गोपाल, राजबीर, नवनीत और विशाल सहित कई लोग बीमार हुए।
मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दिए जाने के बाद खाद्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में चीफ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैनिक कुमार सिंह, कैराना पालिका निरीक्षक पीके जयंत और ऊन-कैराना निरीक्षक कंवरपाल सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने परिवार और भोजन तैयार करने वाले हलवाई फूल कुमार से जानकारी ली।
टीम ने मौके से रसगुल्ला, गुलाब जामुन, रसमलाई, गाजर के हलवे और सब्जियों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही भोजन की गुणवत्ता और बीमारी के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button