
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना कोतवाली पुलिस शुक्रवार शाम भूरा बाईपास फ्लाईओवर के निकट चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों रुकने के बजाय सफा कॉलोनी के पास से गंदराऊ मार्ग की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो डंपिंग ग्राउंड के निकट बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मोहल्ला पीरजादगान निवासी सलमान और मोहल्ला छड़ियान निवासी तस्लीम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन और अपाचे बाइक बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने गुरुवार शाम कोतवाली के निकट मोहल्ला पीपलोतला निवासी कलीम से मोबाइल लूटा था। कलीम उस समय मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। वहीं, बरामद बाइक को भी आरोपियों ने दिल्ली से चोरी करना बताया है। पुलिस ने बताया कि सलमान पर पहले से दस मुकदमे और तस्लीम पर दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट के मामले भी शामिल हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी पूर्व में महिलाओं से कुंडल लूटने की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। फिलहाल, दोनों घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

