ललितपुर
ग्राम प्यासा में श्रीमद्भागवत कथा में गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे, धूमधाम से मनाया जन्मोत्सव
अयोध्या धाम के संत अमरदासजी महाराज ने सुनाई भगवान श्रीकृष्ण जन्म की कथा, भक्ति में झूमे श्रद्धालु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ग्राम प्यासा में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अयोध्या धाम से पधारे परम पूज्य संत श्री श्री 1008 अमरदासजी महाराज ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्म की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। जन्मोत्सव का प्रसंग आते ही पूरा कथा पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर हो गए। कथा के दौरान महाराजश्री ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण की महिमा बताते हुए कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म, अत्याचार और अन्याय बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतार धारण करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का अवतार संसार को प्रेम, करुणा, धर्म और सत्य का मार्ग दिखाने के लिए हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें संदेश देता है कि विषम परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोडऩा चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर उनके बाल स्वरूप की आकर्षक झांकी सजाई गई। संगीतमय भजन-कीर्तन और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने नंदोत्सव की खुशियां मनाईं। कथा पंडाल में मौजूद भक्त भगवान के जन्म की खुशियों में झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। इस धार्मिक आयोजन में पं.बृजभूषण कटारे, पं.आचार्य अनिल शास्त्री, रामदास महाराज, मोहन दास महाराज सहित अनेक संत-महात्मा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



