हॉकी गोड्डा ने दी प्रतिमा को भावभीनी श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा : अपने कुशल प्रशिक्षण से देश को झारखंड की धरती से भारतीय टीम की अर्जुन अवॉर्डी कप्तान सलीमा टेटे सहित ब्यूटी डुंगडुंग, संगीता कुमारी, रजनी केरकेट्टा, दीपिका सोरेंग एवं सुषमा कुमारी सरीखी इंटरनेशनल प्लेयर्स देने वाली हॉकी कोच प्रतिमा बरवा के असामयिक निधन पर हॉकी गोड्डा द्वारा बुधवार शाम शोक सभा का आयोजन कर गहरी शोक एवं प्रतिमा के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त किया गया। स्थानीय इंडोर स्टेडियम में आयोजित शोक एवं श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित हॉकी गोड्डा के सचिव सुरजीत झा ने अपने संबोधन में बताया कि प्रतिमा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। लंबे समय तक सिमडेगा में प्रशिक्षण देने वाली प्रतिमा पिछले डेढ़ साल से खूंटी के बालक आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की कोच थीं। पैरालिसिस एवं ब्रेन हेमरेज की वजह से बीते रविवार को सुबह 8:30 बजे उन्होंने रांची के पारस अस्पताल में अंतिम सांस ली। हॉकी गोड्डा के अध्यक्ष मनोज कुमार पप्पु ने कहा कि प्रतिमा का असामयिक निधन हॉकी के क्षेत्र में बहुत बड़ी राष्ट्रीय क्षति है। कोषाध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा अत्यंत मृदुभाषी, अनुशासित एवं मिलनसार स्वभाव की प्रतिभावान कोच प्रतिमा बरवा का निधन झारखंड के खेल जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनके परिवार एवं शिष्यों को गम सहने की शक्ति प्रदान करें।
उपरोक्त पदाधिकारियों के अलावा सभा में उपस्थित हॉकी गोड्डा के अन्य पदाधिकारियों मे उपाध्यक्ष आशुतोष झा, संयुक्त सचिव सुभाष चंद्र दास एवं आकाश कुमार, सदस्य अनंत कुमार तिवारी, आरती सिंह, मुकेश कुमार, रौशन कुमार साह, जीत सिंह, अमन कुमार, पूजा सिधानवी, रौशनी सिधानवी एवं जया कुमारी ने प्रतिमा बरवा के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात प्रतिमा एवं पिछ्ले दिनों असामयिक एवं आकस्मिक दुनिया को छोड़ गए गोड्डा के हरदिल अजीज क्रिकेट एवं फुटबॉल के कॉमेंट्रेटर, जिला क्रिकेट संघ के सदस्य व उद्घोषक किरमान अंसारी के आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।




