गोड्डा
पोड़ैयाहाट विधायक की पहल रंग लाई, तालझारी गांव में लगे 63-63 केवी के दो नए ट्रांसफार्मर
कई दिनों से अंधेरे में डूबे गांव में लौटी बिजली, ग्रामीणों के चेहरे पर खिली मुस्कान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पोड़ैयाहाट। प्रखंड के तालझारी गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। स्थानीय विधायक प्रदीप यादव की पहल पर गांव में 63-63 केवी के दो नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। दरअसल, तालझारी गांव में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसके कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा था। शाम होते ही बच्चों को चिमनी और मोमबत्ती की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा था। बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक प्रदीप यादव से गुहार लगाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक की अनुशंसा पर विद्युत विभाग ने गांव के दो अलग-अलग टोले और स्थानों पर 63-63 केवी के दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए। ट्रांसफार्मर लगने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू होते ही गांव में एक बार फिर रोशनी लौट आई। कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं रहने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। विधायक प्रदीप यादव की पहल पर दो नए ट्रांसफार्मर लगने से उनकी समस्या दूर हुई है। इसके लिए ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।



