मुरादाबाद
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की शिवालिक टाउनशिप के खिलाफ प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मुरादाबाद : विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित शिवालिक टाउनशिप के विरोध में किसानों ने सोमवार को मुरादाबाद में विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने पहुंचे किसानों ने कहा कि शिवालिक टाउनशिप की आड़ में एमडीए बड़े-बड़े कॉर्पोरेट घरानों और धन्नासेठों के लिए जमीन खरीद रहा है। इसलिए इसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
AIKKS के बैनर तले प्रदर्शन करने पहुंचे किसानों ने कलेक्ट्रेट पर एमडीए मुर्दाबाद और बाबा का बुलडोजर हाय-हाय जैसे नारे भी लगाए किसानों का कहना था कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण 11 गांव की 1250 हेक्टेयर जमीन पर शिवालिक टाउनशिप बसाने जा रहा है। इसकी आड़ में किसानों से उनकी जमीन छीनी जा रही है।
11 गांव के किसान पहले ही दिन से इस योजना का विरोध कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि वह अपनी जमीनों को बेचना नहीं चाहते। एमडीए भी लगातार कहता रहा है कि वह किसानों से आपसी समझौते के आधार पर ही जमीन खरीद रहा है। किसी को भी प्रेशर में लेकर जमीन नहीं ली जा रही है। लेकिन किसानों का कहना है कि एमडीए इन 11 गांव में बुलडोजर का खौफ दिखाकर लोगों को डरा रहा है। डरे सहमे किसानों से जबरन उनकी जमीन छीनी जा रही है।



