गोड्डा
निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने हेतु जिला प्रशासन द्वारा मैराथन का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोड्डा : निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम और जनजागरुकता के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को एक विशेष जागरूकता अभियान के तहत वाकोथन/मैराथन का आयोजन किया गया। यह दौड़ सरकंडा चौक से शुरू होकर कारगिल चौक पर संपन्न हुई, जिसमें सैकड़ों बालक-बालिका धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वहीं बताया गया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज में एक स्वस्थ एवं जागरूक वातावरण का निर्माण करना है। दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले युवक युवतियों को उपायुक्त अंजली यादव, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सहित अन्य जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बारी से अपने हाथों से सम्मानित किया साथ ही, इस अभियान में सहयोग करने वाले विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों एवं जिला जनसंपर्क के कर्मी दिलीप कुमार गुप्ता, मिथलेश कुमार व अन्य को भी उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त अंजली यादव, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के अलावा पुलिस उपाधीक्षक जयप्रकाश नारायण चौधरी, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक कुमार गौरव, अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, जिला खेल पदाधिकारी डॉ० प्राण महतो सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारीगण व सभी कर्मी, सदर अंतर्गत सभी थाने के थाना प्रभारी, पुलिस कर्मी एवं जिले के सभी खेलों के अधिकारीगण देवाशीष कुमार, मोनालिसा, पवन सिंह एवं अन्य और खिलाड़ी उपस्थित रहे। वहीं सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला प्रशासन की यह पहल युवाओं को नशे से दूर रखने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।



