अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हितार्थ है धरती आबा जनभागीदारी अभियान
Dharti Aaba Public Participation Campaign is for the benefit of the person standing at the last rung

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी जनजातीय बहुल पंचायत एवं गांवों में धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत ग्राम स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर के माध्यम से अभियान चलाकर योग्य लाभुकों की पहचान की जा रही है एवं उन्हें मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। पाकुड़ प्रखण्ड के नसीपुर पंचायत, लिट्टीपाड़ा प्रखण्ड के फुलपहाड़ी पंचायत एवं महेशपुर प्रखण्ड के अर्जुनदहा एवं श्रीरामगड़िया पंचायत में आयोजित शिविर के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, श्रमिक पंजीयन, किसान क्रेडिट कार्ड, वृद्धा/विधवा/ दिव्यांग पेंशन योजना, नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन, उज्ज्वला योजना, मतदाता पहचान पत्र अद्यतन, टीकाकरण, पीएम किसान सम्मान निधि योजना आदि के तहत सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति देखी जा रही है, जो उत्साहपूर्वक अपने दस्तावेजों के साथ योजनाओं का लाभ उठाने हेतु पहुंच रहे हैं। मौके पर ही आधार लिंकिंग, आधार अपडेट, बैंक खाता खुलवाना, स्वास्थ्य जांच, पेंशन सत्यापन, आवास जांच एवं श्रमिक पंजीकरण जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं संपन्न की जा रही हैं। जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों, पंचायत सचिवों, पंचायत सेवकों, सहायक अभियंताओं, बीसी, सीएससी ऑपरेटरों एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर शिविरों को सुचारू ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। साथ ही, अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, खाद्य आपूर्ति, स्वास्थ्य, कृषि, कल्याण, एवं मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं से भी लाभुकों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र परिवार तक जन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाया जाए, जिससे सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके। धरती आबा जनभागीदारी अभियान सरकार की जनकेंद्रित योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में एक पहल है।



