जामताड़ा में चला सख्त वाहन जांच अभियान, बिना हेलमेट पकड़े गये सैकड़ों, चेतावनी के साथ छोड़े गये
Strict vehicle checking campaign conducted in Jamtara, hundreds caught without helmets, released with warning

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। सड़क सुरक्षा को लेकर जामताड़ा पुलिस ने अब कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के निर्देश पर शुक्रवार को जामताड़ा थाना गेट पर एक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में बिना हेलमेट चल रहे दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई और सैकड़ों की संख्या में ऐसे वाहन चालकों को रोका गया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी उपस्थिति और शक्ति का प्रदर्शन करते हुए बिना हेलमेट चलने वालों को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें मौके पर ही हिदायत दी गई कि अगली बार बिना हेलमेट पकड़े जाने पर न केवल भारी जुर्माना भरना पड़ेगा, बल्कि कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा। इस वाहन जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि यह अभियान एक दिन का नहीं है, बल्कि इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और खुद की तथा दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं। पुलिस की इस सख्ती के बाद आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि अब जामताड़ा में यातायात नियमों की अनदेखी करना आसान नहीं होगा। हालांकि इस बार पकड़े गए वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, लेकिन अगली बार कोई ढील नहीं दी जाएगी। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा दी गई यह सख्त चेतावनी आने वाले समय में लोगों को और अधिक सतर्क करेगी। अंत में थाना प्रभारी ने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं है, बल्कि लोगों की जान की रक्षा करना है। हेलमेट न पहनना खुद की जान के साथ खिलवाड़ है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।


