बागपत

जरूरतमंदों को मिल रहा भरपेट भोजन

सारथी वेलफेयर फाउंडेशन की "पेट भरो" सेवा से सैकड़ों गरीबों को मिल रहा है लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

 बड़ौत (बागपत) : सारथी वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में “पेट भरो” सेवा की 31वीं रसोई का आयोजन बड़ौत में किया गया। इस अवसर पर थाना अध्यक्ष मनोज चहल ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर रसोई का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ अन्नपूर्णा को भोग लगाने के साथ की गई, जिसके पश्चात सैकड़ों जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया।

रमेश जी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सेवा फाउंडेशन द्वारा कई वर्षों से लगातार प्रत्येक माह संचालित की जा रही है। केवल ₹5 के नाममात्र शुल्क पर उपलब्ध यह भोजन सेवा न केवल लोगों को तृप्त कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान के साथ भोजन प्राप्त करने का अवसर भी दे रही है।

इस मौके पर समाजसेवी विवेक चौधरी ने भी स्वयं जरूरतमंदों को भोजन परोसा। उन्होंने कहा, “यह रसोई समाज में सकारात्मक संदेश फैला रही है। ऐसे सेवा कार्यों से प्रेरित होकर कई लोग आगे आ रहे हैं। हमें भी इसमें सहभागी बनना चाहिए।”

फाउंडेशन से जुड़े हिमांशु अलंकार ने बताया कि यह सेवा 1 जनवरी 2023 से प्रतिमाह की पहली तारीख को लगातार संचालित की जा रही है। ₹5 शुल्क का उद्देश्य केवल अन्न का सम्मान बनाए रखना है, ताकि कोई भी व्यक्ति इसे मुफ्त समझकर व्यर्थ न करे और स्वाभिमान के साथ भोजन प्राप्त करे।

रसोई में सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी सहभागिता निभाई। उन्होंने सेवा का अनुभव साझा करते हुए कहा कि “जरूरतमंदों को अपने हाथों से भोजन कराना आत्मिक शांति देने वाला अनुभव है। यह कार्य वास्तव में ईश्वर का आशीर्वाद है।”

इस सेवा कार्य में प्रमुख रूप से ममता अरोरा, संजना जैन, आशा ग्रोवर, कांता राजपूत, चंचल शर्मा, अध्यक्ष विकास गुप्ता, उपसचिव अनिल अरोरा, अमित शर्मा, भूपेंद्र सिंह, सोनू, रजनीश जैन, सत्यम जैन, सुनील कुमार मेवला, अश्वनी, विपिन सिंघल, अंकुश खोखर, दीपांशु वर्मा, प्रतीक सलेख, आदित्य भारद्वाज, सुनील सैनी, अनमोल आदि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button