बरेली
गंदगी फैलाने वाले पर काटा चालान, सफाई नायक से नोकझोंक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। राजेंद्र नगर क्षेत्र के जगदीश विहार रोड स्थित सड़क पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम की टीम चालान काटने के लिए पहुंची थी। तभी एक दुकानदार सफाई नायक पर भड़क गया। आरोप है कि दुकानदार ने सफाई नायक के साथ अभद्रता की है। इसको लेकर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य से की शिकायत है। नगर आयुक्त ने एसपी सिटी को पत्र लिख कर मुकदमा दर्ज करने को कहा है। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के जिला महामंत्री व सफाई नायक राजेंद्र कुमार समदर्शी सोमवार की सुबह टीम के साथ करीब 9 बजे राजेंद्र नगर क्षेत्र के जगदीश विहार रोड पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों और अन्य लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई कर रहे थे।
इस दौरान एक दुकान के सामने कूड़ा फैला मिला। इस पर सफाई नायक ने कहा कूड़ा दुकान के सामने से हटवा लें अन्यथा चालान की कार्रवाई की जाएगी। इस बात को लेकर दुकानदार और उसके साथियों ने सफाई नायक को गाली-गलौज की। काफी देर तक नोकझोंक के बाद मौके पर पहुंच नगर निगम के अन्य कर्मचारियों ने मामले को शांत कराया। घटना के बारे में जानकारी होने पर संगठन के महानगर अध्यक्ष राजेश कुमार अपने साथियों के साथ नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ भानु प्रकाश के पास पहुंच कर शिकायत की। कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने एसपी सिटी को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। इसमें एक दुकानदार सहित दो लोगों को नामजद किया गया है।



