सरस्वती शिशु मंदिर श्यामडीह में राधा-कृष्ण बाल रूप सज्जा सहित विविध प्रतियोगिताएं सम्पन्न
Various competitions including Radha-Krishna child costumes were held at Saraswati Shishu Mandir Shyamdih

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। शुक्रवार को श्यामडीह स्थिति सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राधा-कृष्ण बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता, राखी सज्जा तथा बांसुरी सज्जा प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में सजीव और मनमोहक प्रस्तुतियां दी, जिससे वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया। मेहंदी और राखी प्रतियोगिता में छात्राओं ने एवं बांसुरी सज्जा प्रतियोगिता में विद्यालय के भैया अपनी रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कतरास के प्रमुख समाजसेवी एवं विद्यालय के अध्यक्ष श्रीमान प्रदीप खेमका द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय सचिव विक्रम कुमार राजगढ़िया, कोषाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, उप प्राचार्य श्रेया सरकार, आचार्य बृंद, अभिभावक बंधु उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना की और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये। विद्यालय प्राचार्य अभिमन्यु कुमार ने इस अवसर पर सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बच्चों को संस्कार एवं संस्कृति से जोड़ने वाली ऐसी गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि के आशीर्वचनों के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।



