धर्ममथुरा

ब्रज में कान्हा की लीलाएं देख भाव-विभोर हुए भक्त

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

मथुरा। ब्रज में तीन दिन से श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम मची हुई है। कहीं ढोल नगाडों की धुन सुनवाई दे रही है, तो कहीं हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारे लग रहे हैं। हर ओर उत्साह देख देश-विदेश से आए भक्त भाव-विभोर हो रहे हैं। रविवार को कलाकारों ने विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पांचजन्य पेक्षाग्रह में भी कान्हा की लीलाओं का अद्भुत मंचन किया गया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल पर 400 से ज्यादा कलाकारों की टोली ब्रज में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से धूम मचा रही है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान समेत जगह-जगह ब्रज संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली। कहीं माखन लीला का मंचन किया गया तो कहीं रास का अद्भुत आनंद बरसा। किसी मंच पर हास्य परिहास है, तो किसी पर नाटय, नृत्य कला की प्रस्तुति भक्तों को भाव-विभोर करती रही। डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षाग्रह में रविवार को मुंबई के प्राची समूह ने बहु शैली शास्त्रीय नृत्य, मुंबई के ही नरसिंह राणा ने ओडिसी नृत्य, मानसी रघुवंशी का गायन और लखनऊ से डिम्पी मिश्रा के श्याम रंग नाटक ने समा बांधा। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने कलाकारों को सम्मानित किया। इस दौरान अपर सीईओ मदन चंद दुबे, डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button