जामताड़ा में 89 लाख की ठगी का भंडाफोड़, छह आरोपित गिरफ्तार
89 lakh fraud busted in Jamtara, six accused arrested

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। थाना कांड संख्या-102/25 के तहत दर्ज ठगी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामला जामताड़ा स्टेशन के पास स्थित एक मकान की फर्जी बिक्री से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवघर जिला अंतर्गत चितरा थाना क्षेत्र के गड़बाद निवासी वादी मुकेश रवानी को घनश्याम महतो और विक्रम महतो ने बताया कि समीर सरकार नामक व्यक्ति का मकान बिक्री के लिए उपलब्ध है। वादी को मकान पसंद आने पर आरोपितों ने पंचानन्द दास को समीर सरकार, टुम्पा सर्खेल और परिमल बाउरी को बेटा-बहू तथा जिसु सरकार को पोता बनाकर परिचय कराया। इसके बाद 89 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। वादी ने 84 लाख रुपये टुम्पा सर्खेल के खाते में, 5 लाख रुपये जिसु सरकार के खाते में भेजे। साथ ही पंचानन्द दास के खाते में 15 लाख 75 हजार, घनश्याम महतो के खाते में 27 लाख 76 हजार, विक्रम महतो के खाते में 5 लाख 85 हजार, परिमल बाउरी के खाते में 5 लाख 60 हजार और 29 लाख 56 हजार रुपये नगद बांटे गए। असल मकान मालिक जामताड़ा में मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपितों ने धोखाधड़ी की और कुल 89 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 28-29 सितम्बर 2025 को सभी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम व पता –1. घनश्याम महतो, सिमलबेड़िया, 2. विक्रम महतो, सिमलबेड़िया 3. पंचानन्द दास, पाण्डेडीह, 4. टुम्पा सर्खेल, राजपल्ली, 5. परिमल कुमार उर्फ परिमल बाउरी, राजपल्ली, 6. जिसु सरकार, कायस्थपाड़ा (सभी थाना एवं जिला जामताड़ा निवासी)


