गोड्डा
पथरगामा पेट्रोल पंप के समीप खड़ी गाड़ियों से बढ़ रहा हादसों का खतरा,
प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : पथरगामा–गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के समीप बड़ी-बड़ी गाड़ियों के खड़े रहने से लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन खड़े होने के कारण आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। विशेषकर गोड्डा की ओर से आने वाले वाहनों के चालकों को सबसे ज्यादा कठिनाई झेलनी पड़ती है। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों की वजह से पेट्रोल पंप से निकलने वाले वाहनों को देख पाना मुश्किल हो जाता है, जिससे टक्कर की घटनाएं आम हो गई हैं। पूर्व में भी इस समस्या को लेकर प्रशासन के द्वारा निर्देश भी दिए गए, लेकिन गाड़ी मालिकों द्वारा लापरवाही बरती जाती है और वे पंप के सामने ही वाहन खड़ा कर देते हैं।
पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि उनके द्वारा बार-बार मना करने के बावजूद वाहन चालक पेट्रोल पंप के बाहर सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। ग्रामीण ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।



