
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना (शामली)। कैराना की सांसद इकरा हसन के हालिया बयान ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में इकरा हसन कथित रूप से कहती नज़र आ रही हैं कि “हम देश में दूसरे देशों जैसा माहौल बनाएंगे।” उनके इस बयान को लेकर हिंदू संगठनों में नाराज़गी बढ़ गई है। हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष अमित प्रजापति ने इसे देश और हिंदू समाज के खिलाफ बयान बताते हुए अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद निर्णय लिया गया कि वे कल सुबह 11 बजे कैराना पहुंचकर सांसद इकरा हसन से सीधा जवाब मांगेंगे। हिंदू रक्षा दल ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैराना पहुंचें और सांसद से यह पूछें कि वे किस देश जैसा माहौल भारत में बनाना चाहती हैं। संगठन के नेताओं ने कहा कि देश की एक जनप्रतिनिधि द्वारा ऐसा बयान देना अत्यंत ही आपत्तिजनक है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सांसद इकरा हसन के बयान की जांच की जाए और अगर बयान देश विरोधी पाया जाता है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उधर, इस पूरे मामले पर सांसद इकरा हसन या उनके कार्यालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन ने हालात पर नज़र रखी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

